जोगिंद्रनगर (मंडी)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के तहत जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र को 17 नई सड़कों की सौगात मिली है। 80 किलोमीटर लंबाई की इन सड़कों को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने से दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में बसे सैकड़ों लोगों को राहत मिलेगी। कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने बताया कि चौंतड़ा और द्रंग खंडों की कई पंचायतों में इन सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि गलू से भटवाड़, सेरी से बदन, बडौण से मनोह पट्टी, ब्यूंह से बल्ही, अप्पर बनोगी से निचली बनोगी, कोटला से वान, पिपली से भरमेरा, द्रुब्बल से पिपली, झमेड़ से बनोण, तन्साल से बाग, त्रैंबली से बनौण, बाग से ब्योटू, झमेहड़ से नेरी, झमेहड़ से बनोण, सारली स्कूल से ढेलू हार और रक्तल क्षेत्र में लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा। जीवन ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सौंपे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और अब लोक निर्माण विभाग की ओर से डीपीआर तैयार कर बजट की मांग भेजी जाएगी।
जोगिंद्रनगर में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों की डीपीआर जल्द तैयार कर बजट की मांग की जाएगी। बहरहाल नई सड़कों के निर्माण से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के आदेश विभाग के अधिकारियों को जारी कर दिए हैं।
-राजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी वृत जोगिंद्रनगर