मंडी। विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए बेहतरीन मौका है। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नून फूड एलएलसी (किरयाना एवं खाद्य वितरण) के लिए डिलीवरी राइडर्स की भर्तियां की जा रही हैं। इच्छुक बेरोजगारों को 22 नवंबर तक नौकरी के लिए अनिवार्य रूप से गूगल फॉर्म पर अपना पंजीकरण करना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 2500 दिरहम के साथ कमीशन और टिप्स प्राप्त होंगे जो लगभग 70 हजार से एक लाख रुपये तक हो सकते हैं। कार्य समय की अवधि 10 घंटे, सप्ताह में 6 दिन और सुबह-शाम की शिफ्ट निर्धारित है।
इस नौकरी के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी ही पात्र हैं। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास और बेसिक इंग्लिश का ज्ञान अनिवार्य है। फ्रेशर और अनुभवी दोनों आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 20 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है। चेहरे एवं गर्दन पर टैटू नहीं होना चाहिए। आवेदक के पास गियर वाली बाइक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस कम से कम अगले एक वर्ष तक होना आवश्यक है।
अभ्यर्थियों को तैनाती के बाद यूएई ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया जाएगा। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी मंडी अक्षय कुमार ने कहा कि ये भर्तियां जेएसडीसी ग्रुप ऑफ कंपनीज के माध्यम से की जा रही हैं। चयनित अभ्यर्थियों को विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 35,400 रुपये जीएसटी सहित तथा 1500 रुपये चिकित्सा शुल्क का भुगतान करना होगा। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है। संवाद