पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
परिजनों ने जताई आपत्ति, चार बार की तलाशी में नहीं मिला था सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर के भोजपुर स्थित जयदेवी में शिक्षिका आशिमा आत्महत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने सीलबंद कमरे से आरोपी पति की निशानदेही पर मृतका के गहने और हैंडबैग बरामद करने का दावा किया है। हालांकि, इस बरामदगी के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतका के पिता सुलेमान अंसारी और भाई आशिद ने आरोप लगाया है कि जिस कमरे की चाबी पुलिस के पास थी और जहां एफएसएल तथा पुलिस की टीम चार बार चप्पे-चप्पे की तलाशी ले चुकी थी, वहां से अचानक 25 लाख रुपये से अधिक कीमत के गहनों से भरा बैग कैसे बरामद हो गया। परिजनों ने इस बरामदगी को लेकर जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद आरोपी पति कासिम, ससुर कर्मदीन और सास राज बीबी पहले ही जमानत पर रिहा हो चुके हैं। परिजनों की ओर से दोबारा शिकायत दर्ज करवाए जाने के बाद डीएसपी भारत भूषण और मंडी एफएसएल के डॉ. विजय की मौजूदगी में कमरे की दोबारा जांच की गई। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी पति की निशानदेही पर गहने और हैंडबैग बरामद किए।
डीएसपी भारत भूषण ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की निशानदेही पर गहनों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पहले कई बार तलाशी के बावजूद कमरे से गहने नहीं मिलने और अब अचानक बरामदगी होने से मामले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। परिजन इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।