पंडोह (मंडी)। क्षेत्र के सियोग गांव से 14 दिवसीय कांवड़ यात्रा पर निकले 10 शिवभक्त सोमवार को पावन गंगाजल लेकर पंडोह लौट आए। हरिद्वार से पदयात्रा कर 13 दिन में घर पहुंचे इन श्रद्धालुओं का तीन पीपल स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया।
अब बुधवार को सियोग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ गंगाजल से शिवलिंग का जलाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खीर का भंडारा भी आयोजित होगा।
यात्रा से जुड़े अनुभव साझा करते हुए सियोग निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और भक्ति भाव से भरपूर अनुभव है। कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों में पंडित हंसराज, प्रदीप कुमार, रवी, सुरेश, शोविंद्र कुमार, पुष्प राज, रोशन लाल, नरेंद्र कुमार और सोहन लाल रहे। पंडित हंसराज ने कहा कि यह यात्रा गांव में वर्षों से चली आ रही पवित्र परंपरा का हिस्सा है, जिसे युवा पीढ़ी भी पूरे श्रद्धा भाव से निभा रही है।