सरकाघाट (मंडी)। पंचायत परसदा हवाणी के तहत गांव रछोट की अनुसूचित जाति बस्ती में तीन माह से पानी की किल्लत चल रही है। ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के साथ-साथ अपने पशुओं के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को जल शक्ति विभाग सरकाघाट के अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा और जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार ड्यूटी पर तैनात वाटर गार्ड और जूनियर इंजीनियर को अवगत करवाया गया लेकिन जब भी शिकायत लेकर जाते हैं तो अधिकारी और कर्मचारी समस्या का समाधान निकालने के बजाय इधर तो कभी उधर भेजकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों जगदीश चंद, कुंता देवी, शबनम, रूप लाल, कृष्ण चंद, श्याम लाल, तेग सिंह, वंदना कुमारी, श्याम लाल, राम लाल और जय पाल सहित अन्य ने बताया कि पानी की उपलब्धता न होने से वे परेशान हैं। न तो उन्हें खुद के लिए साफ पानी मिल रहा है और न ही मवेशियों को पर्याप्त पानी पिला पा रहे हैं। गांव के नजदीकी प्राकृतिक जल स्रोतों की हालत भी खराब है। यहां न तो पानी साफ है और न ही इतनी मात्रा में उपलब्ध है कि उससे जरूरतें पूरी हो सकें। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन (1100 नंबर) पर भी शिकायत दर्ज करवाई है।
जल शक्ति विभाग सरकाघाट के सहायक अभियंता आशीष देव ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में है। रछोट क्षेत्र के लिए नई पाइपें बिछाई जा रही हैं। काम अंतिम चरण में है और अगले एक-दो दिन के भीतर व्यवस्था को पूरी तरह से मुकम्मल कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।