यातायात नियम तोड़ने वालों पर 24 घंटे तक रहेगी पैनी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी पुलिस की ओर से अपराधों को रोकने, यातायात सुचारु बनाने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर नकेल कसने को लेकर बिंद्रावणी फोरलेन पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मेनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) स्थापित किया गया है। इसके जरिये बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, ट्रिपल राईडिंग, गति सीमा से तेज वाहन चलाने वालों पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी और उनका चालान किया जाएगा।
चालान की सूचना अवहेलना करने वाले व्यक्ति को एसएमएस के जरिये मिलेगी। चालान का भुगतान 15 दिन के भीतर विभागीय साइट पर ऑनलाइन या पुलिस थाना सदर बिंद्रावणी में किया जा सकता है। उसके पश्चात चालान को संबंधित न्यायालय मे प्रेषित किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने सभी वाहन चालकों से आग्रह किया है कि सभी यातायात नियमों का पालना कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। संवाद