लडभड़ोल (मंडी)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) लडभड़ोल में वीरवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष परामर्श एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में प्रोफेशनल काउंसलर लीना मेहता ने कहा कि नशे की लत अक्सर हमारे आसपास के वातावरण को देखकर पनपती है। विशेषकर 12 से 25 वर्ष की आयु वर्ग में इसकी संभावना सर्वाधिक होती है, जब किशोर उत्सुकता और कुछ नया करने के चक्कर में नशे को अपने जीवन में प्रवेश दे देते हैं।
कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर अनुदेशक सुशील कुमार, नवलीत कुमार, कनिष्ठ सहायक विजय कुमार व अन्य मौजूद रहे। संवाद