कबड्डी-वॉलीबॉल में बगस्याड, बैडमिंटन और बास्केटबॉल में पपलोग रहा अव्वल
सुंदरनगर में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुंदरनगर में आयोजित 19वीं राजकीय एवं निजी आईटीआई जिला स्तरीय खेल-कूद एवं एथलेटिक प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) 2026 का समापन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन स्ट्रांग यूथ, स्किल्ड नेशन, ड्रग फ्री जेनरेशन थीम के तहत किया गया। ओवरऑल खेल ट्रॉफी राजकीय आईटीआई मंडी के नाम रही। वहीं वुशु प्रतियोगिता में सुंदरनगर आईटीआई ने ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की।
समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक रोहित राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। संस्थान के प्रधानाचार्य विजय चौधरी ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि ने युवाओं से खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और नशा मुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत और कुशल युवा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत हैं। खेल गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कबड्डी और वॉलीबॉल में राजकीय आईटीआई बगस्याड विजेता रही। खो-खो में राजकीय आईटीआई सुंदरनगर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बैडमिंटन और बास्केटबॉल में राजकीय आईटीआई पपलोग अव्वल रहा। समारोह में आदित्य रैना, मनीष कुमार, विजय उपाध्याय तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ वैज्ञानिक चमन लाल भी मौजूद रहे।