सरकाघाट एसडीएम को ज्ञापन सौंपता प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : Mandi
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट से सटे जाहू में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के लिए फिर से आवाज बुलंद हुई है। मंगलवार को सरकाघाट में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला परिषद सदस्य मनीश शर्मा की अगुवाई में एसडीएम के माध्यम से केंद्रीय उड्डयन मंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया कि नेरचौक में प्रस्तावित हवाई अड्डे की बजाय जाहू में एयरपोर्ट बनाया जाए। नेरचौक में किसान प्रस्तावित एयरपोर्ट का विरोध कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में हमीरपुर जिले की पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी अपना समर्थन दिया और प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए।
कहा कि यदि जाहू क्षेत्र में हवाई अड्डे का निर्माण किया जाता है तो न लोगों का विस्थापन होगा और न ही किसानों की बहुमूल्य जमीन जाएगी। नेरचौक घाटी में किसान अपनी जमीन को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं क्योंकि वहां की जमीन सोना उगलती है।
नेरचौक में हवाई अड्डा बनाना संभव नहीं है, क्योंकि उसके लिए सुंदरनगर की बंदली पहाड़ियों को 500 मीटर तक काटना पड़ेगा, जोकि संभव नहीं है। जाहू क्षेत्र में आसानी से बड़े विमान को उतारने के लिए 3150 मीटर का रनवे बनाया जा सकता है और इस हवाई अड्डे का निर्माण काफी आसानी से किया जा सकता है।
000