30 अप्रैल तक आंकड़ा 800 पार होने की उम्मीद, 71 बच्चों ने छोड़े निजी स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में सीबीएसई पाठ्यक्रम के प्रति अभिभावकों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। बाल वाटिका से लेकर 12वीं तक अब तक 641 विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है, जिनमें 473 लड़कियां और 168 लड़के शामिल हैं। स्कूल प्रशासन का अनुमान है कि 30 अप्रैल तक यह संख्या 800 तक पहुंच सकती है।
सरकारी विद्यालय में सस्ती और सुलभ सीबीएसई शिक्षा उपलब्ध होने के कारण 71 विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़कर यहां प्रवेश लिया है। इनमें 28 लड़कियां और 43 लड़के शामिल हैं। कक्षा अनुसार आंकड़ों पर नजर डालें तो प्राइमरी कक्षाओं में 8, हाई कक्षाओं में 51 तथा सीनियर सेकेंडरी में 12 विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों से स्थानांतरण लेकर दाखिला लिया है। अभिभावकों का कहना है कि निजी स्कूलों में सीबीएसई शिक्षा के लिए भारी-भरकम शुल्क देना पड़ता था, जबकि सरकारी विद्यालय में यह सुविधा कम लागत में उपलब्ध है।
बाल वाटिका से कक्षा पांचवीं तक 196 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जिनमें 92 लड़के और 104 लड़कियां हैं। कक्षा 6वीं से 10वीं तक 258 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया, जिनमें 63 लड़के और 195 लड़कियां शामिल हैं। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं में 187 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जिनमें 13 लड़के और 174 लड़कियां हैं।
बॉक्स
स्कूल में लेट फीस के साथ 30 अप्रैल तक दाखिले जारी रहेंगे। अब तक कुल 641 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जिनमें बड़ी संख्या में लड़कियां शामिल हैं। अनुमान है कि निर्धारित तिथि तक यह आंकड़ा 800 तक पहुंच जाएगा। -लालमन चंदेल, प्रधानाचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंदरनगर (सीबीएसई)