पधर (मंडी)। एसडीएम कार्यालय पधर में शनिवार को खंड स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) पधर डॉ. भावना वर्मा ने की। बैठक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, पोषण अभियान और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बाल विकास परियोजना द्रंग के परिचय और परियोजना की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी पधर कुंदन हाजरी ने पोषण अभियान तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की अब तक की प्रगति, उपलब्धियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
दूसरे चरण में खंड स्तरीय टीम ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अनुपालन और रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उपमंडलाधिकारी डॉ. भावना वर्मा ने संबंधित अधिकारियों और प्रतिनिधियों को बाल विवाह के मामलों की समय पर रिपोर्टिंग, क्षेत्र स्तर पर जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।