राज्य स्तरीय सुंदरनगर नलवाड़ मेला के शुभारंभ पर खूंटा गाड़ते सीपीएस सोहन लाल ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
सुंदरनगर (मंडी)। ऋषि ब्यास के पुत्र शुकदेव मुनि की तपोस्थली सुकेत सुंदरनगर का सात दिवसीय ऐतिहासिक राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला मंगलवार को आरंभ हो गया। इसका विधिवत शुभारंभ मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने नगौण खड्ड में वृष पूजन और खूंटी गाड़कर कर जवाहर पार्क में ध्वजारोहण कर किया। सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि सात दिवसीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण अंग है।
पांच दशक पूर्व सुकेत रियासत के राजाओं की ओर से इस मेले को प्रारंभ किया गया था। जिसकी पारंपरिक पहचान आज भी कायम है। इस मेले में मंडी जिला के अलावा प्रदेश और बाहरी राज्यों के लोगों की ओर से बैलों की खरीद-फरोख्त की जाती हैं। प्रदेश के अधिकतर लोगों का व्यवसाय अभी भी कृषि, पशु पालन और बागवानी पर निर्भर है। आधुनिक युग में खेती में आधुनिक तकनीकों का प्रयोग हो रहा है तथा खेती के लिए मैदानी क्षेत्रों में ट्रैक्टरों का प्रयोग किया जा रहा है लेकिन प्रदेश की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यहां अधिकतर क्षेत्रों में बैलों से ही खेती की जाती है। गत वर्ष भी इस मेले में बैलों की रिकार्ड खरीद-फरोख्त की गई थी।
एससीएसटी विकास निगम के अध्यक्ष टेकचंद डोगरा ने कहा कि ऐसे मेलों के आयोजन से लोगों को आपस में मिलने-जुलने का अवसर मिलता है। एसडीएम एवं अध्यक्ष नलवाड़ मेला कमेटी राजीव कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा सात दिवसीय नलवाड़ मेले में आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके नगर परिषद अध्यक्ष पूनम शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक सेन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव संजू डोगरा, राज्य दलित सोशल रिफार्म के अध्यक्ष समाजसेवी एजी शेख, ब्लाक महासचिव अजय शर्मा और चुनी लाल अवस्थी, समाजसेवी ब्रह्मदास चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।