टिहरा (मंडी)। सरकाघाट के कोठी गांव में मंगलवार सांय हुए सड़क हादसे में घायल लोगों में एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे सरकाघाट अस्पताल से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और बाद में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। महिला की पहचान कुंता देवी 69 वर्ष निवासी कोठी के रूप में हुई है। मंगलवार सांय करीब सात बजे एक मारुति कार सड़क से नीचे लुढ़क गई थी। वाहन में छह लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों को चोटें आई थीं। सभी घायल बसंतपुर के रहने वाले बताए गए हैं। नागरिक अस्पताल सरकाघाट के एसएमओ डॉ. डीआर शर्मा ने बताया कि गंभीर घायल महिला को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज से शिमला रेफर किया गया जहां उसकी हालत सामान्य है। संवाद