1064 किलोमीटर के साइकिलिंग अभियान के तहत पधर से गुजरती 7 डोगरा बटालियन की टीम। स्त्रोत जागरूक
80वें इन्फैंट्री दिवस पर 1064 किलोमीटर लंबे साइकिलिंग अभियान किया है शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। भारतीय सेना की 7 डोगरा बटालियन ने 80वें इन्फैंट्री दिवस के उपलक्ष्य में जम्मू से कुल्लू और वापसी के लिए 1064 किलोमीटर लंबे साइकिलिंग अभियान की शुरुआत की है। टाइगर डिवीजन के अंतर्गत आयोजित यह अभियान शनिवार सुबह पधर पहुंचा, जहां सेवानिवृत्त डोगरा सैनिकों ने टीम का स्वागत किया।
मेजर टीपी पुन के नेतृत्व में अभियान में दो अधिकारी, तीन जेसीओ और 26 जवान शामिल हैं। टीम 10 से 27 अक्तूबर तक जम्मू के दमाना मिलिट्री स्टेशन से कुल्लू और फिर सतवारी कैंट तक साइकिल यात्रा पूरी करेगी। दुर्गम रास्तों, तीखी चढ़ाइयों और विपरीत मौसम के बीच जवान साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और टीम भावना बढ़ाने के साथ सेना तथा अग्निवीर योजना के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस दौरान जवान पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और स्थानीय युवाओं से संवाद कर रहे हैं। पधर में 7 डोगरा यूनिट की ओर से स्व. सिपाही गोवर्धन सिंह की पत्नी वीर नारी सुमित्रा देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन नानक चंद लगवाल, सूबेदार धर्म चंद, जोगिंदर गुलेरिया, शोभा राम, मोहन सिंह और हवलदार पवन कुमार सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।