सुंदरनगर के हराबाग में शुक्रवार रात को वाल्वो की जांच करती आबकारी विभाग की टीम। संवाद
आबकारी विभाग ने वाणिज्यिक सामान में टैक्स चोरी पकड़ने के लिए की जांच
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हराबाग में लगाया नाका, 12 मामलों में 1.19 लाख वसूला जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। टैक्स चोरी कर बाहरी राज्यों से लाए जा रहे वाणिज्यिक सामान की चोरी पकड़ने को लेकर राज्य कर एवं आबकारी विभाग जिला मंडी की टीम ने हराबाग में शुक्रवार रात को नाका लगाकर 60 से अधिक वाहनों की जांच की है। इस दौरान विभाग की टीम ने 442 से अधिक ई-वे बिलों का सत्यापन किया। इनमें 17 मामलों में अनियमितताएं पाई गई। जिनमें से 12 मामलों का निपटारा कर जुर्माना वसूल किया गया है, जबकि अन्य मामलों में कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त अपूर्व चंदेल और अनिल कुमार के नेतृत्व में सुंदरनगर के हराबाग में फोरलेन पर शुक्रवार रात नाका लगा रखा था। इस दौरान विभाग की टीम ने 60 से अधिक वोल्वो बस अन्य वाणिज्यिक वाहन और निजी वाहनों का निरीक्षण किया। इसमें से कुल 443 ई-वे बिलों का सत्यापन करने कर उन्हें ठीक पाया गया, लेकिन कई मामलों में दस्तावेजों को कवर करने में अनियमितताएं पाई गईं। इनके आधार पर जीएसटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 17 मामले बनाए गए हैं।
उधर, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उपायुक्त मनोज डोगरा ने बताया कि पकड़े गए 17 मामलों में से 12 का मौके पर निपटारा कर 1 लाख 19 हजार 770 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है। शेष 5 मामलों में आगे के जुर्माने के आकलन माल जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि टैक्स चोरी को लेकर विभाग का अभियान जारी रहेगा।