सुंदरनगर (मंडी)। विकास खंड निहरी की 21 पंचायतों में से पहले चरण में मंगलवार को सात पंचायतों में मतदान होगा। पंचायतों में 23,608 मतदाता है। इनमें 12,095 पुरुष और 11513 महिलाएं अपने मत का इस्तेमाल करेंगी। यह चुनाव इन पंचायतों के 111 बूथों पर होंगे। इस विकास खंड की कोई भी पंचायत संवेदनशील या अतिसंवेदशील नहीं है। चुनाव को करवाने के लिए 39 पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं। मंगलवार को सात पंचायतों झुगी, प्रेसी, द्रुमट बहली, चौकी, गढ़ोइ, सोझा और बंदली में चुनाव होंगे। खंड विकास अधिकारी निहरी सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार को त्रिस्तरीय चुनावों के तहत बीडीसी और पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव होने हैं। इसमें पंचायत समिति के 51, प्रधान के लिए 86, उप प्रधान के लिए 99 और 220 वार्ड सदस्य उम्मीदवारों को मिलाकर 456 प्रत्याशी मैदान में हैं।