मंडी जिला पुलिस ने एक ही रात में नशा तस्करी के पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाकर नशे की बड़ी खेप बरामद की है। पहले मामले में बल्ह थाना पुलिस की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान नेरचौक बाजार में कार को जांच के लिए रोका तो उसमें से 74.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में डिनक गांव निवासी कार चालक बीटेक इंजीनियर अब्दुल मोमिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे मामले में सेंट्रल पुलिस रेंज मंडी की स्पेशल टास्क फोर्स ने धनोटू थाना क्षेत्र के तहत नाकेबंदी करके एक युवक से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पकड़ा गया युवक अक्षय जुगाहन गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। एक अन्य मामले में सुंदरनगर थाना पुलिस की टीम ने पुंघ के पास नाकेबंदी के दौरान जब कार को जांच के लिए रोका तो उसमें से 701 ग्राम चरस की खेप बरामद हुई। कार में सवार तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए युवकों में सागर, मोहित और आशीष शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के सोनीपत जिला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि तीनों मामलों में पांच लोगों को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों मामलों में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।