जाम से जूझ रहे लोग, पुलिस को करनी पड़ रही मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। स्थानीय बाजार में दुकानों के बाहर अवैध रूप से खड़े किए जा रहे वाहन आम लोगों और पुलिस प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। बाजार में जगह-जगह बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे वाहनों से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे राहगीरों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवा वाहनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक अपने वाहन सीधे दुकानों के सामने सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो रही है और वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। खासकर बाजार के व्यस्त समय में लंबा जाम लग जाता है। ऐसी स्थिति में पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु करना पड़ता है। कई बार पुलिस कर्मियों को वाहनों को हटवाने के लिए वाहन चालकों को ढूंढना पड़ता है, जिससे समय भी बर्बाद होता है और लोगों को अनावश्यक परेशानी भी होती है।
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें। सड़क के किनारे या दुकानों के सामने वाहन खड़ा करने से जाम की समस्या पैदा होती है, जिससे सभी को परेशानी होती है। आने वाले समय में बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -संजीव सूद, डीएसपी धर्मपुर