विभाग कसेगा शिकंजा, जांच के लिए गठित की विशेष टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। नाचन वन मंडल की थाची और धारघाट रेंज में वन भूमि पर अवैध रूप से मटर की खेती और झाड़ियों व घास सुखाने के लिए ग्लाइफोसेट के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर अवैध फसल नष्ट कर दी है और जांच के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
हिमालय नीति अभियान और पेस्टिसाइड एक्शन नेटवर्क इंडिया के विशेषज्ञों ने वन भूमि पर ग्लाइफोसेट के इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कब्जाधारियों के साथ रसायन उपलब्ध कराने वालों की भी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इसके अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी, जलस्रोतों और जैव विविधता को नुकसान हो सकता है।
डीएफओ एसएस कश्यप ने बताया कि गश्त के दौरान अवैध खेती के मामले सामने आए हैं। जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्राथमिकी सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।