मंडी। मंडी शहर में मस्जिद के कथित अवैध निर्माण का विरोध करने वाले संगठनों की अगुवाई करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कपूर ने कहा है कि उन्हें शिमला जिला की पुलिस की ओर से नोटिस जारी किया गया है। इसमें जांच में सहयोग करने की बात कही गई है। उनके पास शिमला जाने तथा वहां ठहराव करने के लिए पैसे नहीं हैं।
उनके मोबाइल फोन को पुलिस ने पहले ही जब्त कर रखा है। इसलिए उनके विरुद्ध होने वाली सुनवाई को शिमला जिला के न्यायालय से मंडी न्यायालय में शिफ्ट किया जाए। अगर शिमला में ही सुनवाई करनी है तो गिरफ्तार कर ले जाया जाए। शुक्रवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उन्होंने वक्फ बोर्ड की संपत्ति को सार्वजनिक कर लोगों के सामने सच्चाई को उजागर किया है।
अब प्रदेश के अन्य जिलों में हुए लोगों के प्रदर्शन का ठीकरा भी उनके सिर पर फोड़ने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने किसी धर्म संप्रदाय के लोगों की भावना को आहत नहीं किया है। मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त करने के बाद अब उनके पास पैसे नहीं रह गए है। साथियों की मदद से ही वह अपने खर्चे किसी तरह पूरा कर रहे हैं। संवाद