मंडी बस स्टैंड में रात 1 बजे नशे में धुत युवकों ने किया हंगामा
दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी बस स्टैंड पर बीती बुधवार रात एचआरटीसी के चालक और परिचालक के साथ मारपीट और गुंडागर्दी की घटना सामने आई। दिल्ली से मनाली जा रही परमाणु डिपो की बस रात करीब 1 बजे चाय-पान के लिए बस स्टैंड पर रुकी। उस समय नशे में धुत दो युवकों ने बस में सवारियों से आधार कार्ड दिखाने को लेकर विवाद शुरू किया। एचआरटीसी चालक भास्कर गौतम और परिचालक ललित कुमार ने युवकों को यात्रियों को परेशान करने से रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस घटना में चालक और परिचालक दोनों घायल हो गए।
पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पहले भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। एचआरटीसी परिचालक यूनियन के प्रदेश मीडिया प्रभारी ललित ठाकुर ने कहा कि यूनियन डीसी और एसपी मंडी को ज्ञापन सौंपेगी। यदि एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो एचआरटीसी की कोई भी बस बस स्टैंड में प्रवेश नहीं करेगी। वहीं, एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई जारी है।