मंडी। नगर निगम के मंगवाई में सोमवार रात करीब 11 बजे एक मकान में आग लगने से करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जल कर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने दो घंटे कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
रात 10:57 बजे अग्निशमन केंद्र में मंगवाई क्षेत्र में धर्मपाल के कच्चे मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल अग्निशमन केंद्र से प्रशामक शरण दास, राकेश, गृह रक्षक दीपक तथा चालक किशोरी लाल दमकल वाहन के साथ मंगवाई पहुंचे, लेकिन घटनास्थल से करीब एक सौ मीटर की दूरी पर दमकल वाहन को खड़ा करना पड़ा।
दमकल जवानों ने पैदल घटनास्थल पहुंच कर स्थानीय लोगों के साथ मिल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग शांत होने के बजाय अधिक प्रचंड रूप धारण कर रही थी। आसपास के घरों की पानी की टंकियों से पानी लाकर आग पर काबू पाया। धर्मपाल के इस कच्चे मकान में किरायेदार रहते थे। आग की इस घटना से रसोई घर, किरायेदारों का बेड और अन्य सामान समेत दरवाजे तथा खिड़कियां जल कर राख हो गए। कच्चे मकान के साथ रामकृष्ण व तेज सिंह पुत्र शेर सिंह के तीन मंजिला मकान को भी स्थानीय लोगों व दमकल जवानों ने आग पर काबू पा कर सुरक्षित बचा लिया।
...
छोटा वाहन खराब
सोमवार रात को मंगवाई में कच्चे मकान में भड़की आग पर काबू पाने के लिए बड़े दमकल वाहन को ले जाना पड़ा। हालांकि अग्निशमन केंद्र के वाहनों के बेड़े में छोटे पोर्टेबल वाहन भी शामिल है लेकिन छोटे वाहन के इंजन में खराबी आने के कारण मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इस कारण मंगवाई में आग पर काबू पाने के लिए बड़े वाहन को भेजना पड़ा। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए संकरी सड़क होने के कारण बड़ा दमकल वाहन वहां नहीं पहुंच पाया।
...
मंगवाई में आग लगने की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए दमकल वाहन रवाना हो गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान करीब सत्तर लाख की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया गया।
-लेख राम, लीडिंग फायरमैन, अग्निशमन केंद्र मंडी
000