बालीचौकी पंचायत के कुन में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की चपेट में आया मकान। संवाद
रिश्तेदारों के घर शरण लेने को मजबूर हुआ परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी की कुन पंचायत में मूसलाधार बारिश के बीच भीषण भूस्खलन से एक रिहायशी मकान ढहने के कगार पर पहुंच गया। खतरे को देखते हुए पीड़ित परिवार को घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी।
पीड़ित ग्रामीण पदम देव पुत्र मेहर चंद ने बताया कि सोमवार रात भारी बारिश के दौरान उनके घर के सामने अचानक जमीन धंस गई और भूस्खलन हो गया। इससे मकान के कभी भी जमींदोज होने का खतरा बना हुआ है। अनहोनी की आशंका के चलते पदम देव बच्चों व परिजनों के साथ रिश्तेदार के घर चले गए हैं। उन्होंने चिंता जताई कि बारिश जारी रही तो उनका आशियाना पूरी तरह तबाह हो सकता है। हलका पटवारी हुक्कम राम ने बताया कि मौके का मुआयना कर नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।