मसेरन गांव में एनएच 154 पर भुस्खलन होने से जद में आया रिहायशी मकान। जागरूक पाठक
पधर (मंडी)। लगातार हो रहे भूस्खलन ने नेशनल हाईवे-154 पर पाली पंचायत के मसेरन गांव में एक मकान खतरे की जद में आ गया है। ब्लैक नाला के पास पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण मकान को खतरा पैदा हो गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने परिवार को पंचायत घर पाली में शिफ्ट कर दिया है।
पिछले दिनों हुए भूस्खलन के बाद पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। भूस्खलन का दायरा करीब 150 मीटर तक पहुंच गया है और इससे दलीप कौर पत्नी स्वर्गीय अमर सिंह के मकान को खतरा पैदा हो गया है। मकान को तत्काल गिरने से बचाने के लिए तिरपाल लगाई गई है। जबकि प्रशासन ने प्रभावित परिवार को फौरी राहत भी उपलब्ध कराई है।
बीडीसी सदस्य हजारा सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवार आईआरडीपी श्रेणी से संबंधित है और यह मकान सरकारी सहायता से बनाया गया था। उन्होंने कहा कि परिवार की उपलब्ध भूमि भी भूस्खलन की चपेट में आ चुकी है। पहाड़ी करीब 150 मीटर ऊंची और खड़ी होने के कारण यहां सुरक्षा दीवार बनाना व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में सरकार और जिला प्रशासन से परिवार को अन्य स्थान पर जमीन उपलब्ध करवाकर स्थायी रूप से पुनर्वासित करने की मांग की गई है।
एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रभावित परिवार को एहतियात के तौर पर पंचायत घर परिसर पाली में शिफ्ट कर दिया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।