छपराण के पास खड्ड में गिरा हाइवा। स्त्रोत- जागरूक पाठक
गोहर (मंडी)। चैलचौक-पंडोह वाया गोहर मार्ग के निर्माण के दौरान निकले मलबे को ठिकाने लगाने गया हाइवा चालक समेत खड्ड में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक छपराहण के पास मलबा फेंकने के लिए हाइवा (डंपर) बैक कर रहा था। इसी बीच अनियंत्रित होकर हाइवा खड्ड में जा गिरा।
हादसे में डंपर चालक गुलशन सोनी उर्फ सोनू भाई निवासी गांव बागा डाकघर स्यांज तहसील चच्योट जिला मंडी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य दिन-रात चल रहा है और मलबा निकालकर ठिकाने लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। संवाद