अध्यक्ष बॉबी तंवर को मिला अति उत्कृष्ट मिसाल पुरस्कार, दिल्ली में मिला सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अटल पेंशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक पहुंच और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक को पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने सम्मानित किया है। नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह में बैंक को एक्सीलेंस अवॉर्ड प्रदान किया गया। वहीं, बैंक के अध्यक्ष बॉबी तंवर को योजना में असाधारण योगदान के लिए अति उत्कृष्ट मिसाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बॉबी तंवर ने कहा कि अटल पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। बैंक हिमाचल के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता और नामांकन अभियान चला रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत व प्रतिबद्धता को दिया। बैंक प्रबंधन ने सम्मान के लिए पीएफआरडीए का आभार जताते हुए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई।