गावर कंपनी ने निभाई अहम भूमिका
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, घटनास्थल एनएचएआई के सीधे कार्यक्षेत्र में नहीं आता था। इसके बावजूद एनएचएआई और फोरलेन निर्माण कार्य में जुटी गावर कंपनी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जोखिम भरा था पूरा रेस्क्यू
गावर कंपनी के डीपीएम सिद्धार्थ और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय के बाद नजदीकी प्रोजेक्ट बेस से तत्काल हाई-रीच क्रेन मंगवाई गई। रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था। पायलट जमीन से करीब 145 मीटर की ऊंचाई पर बिजली की हाईटेंशन लाइनों में फंसा था। बचाव अभियान के दौरान सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय लोगों ने जमीन पर तिरपाल और गद्दे बिछाए।
जमशेद ने लिया था तमिलनाडु में प्रशिक्षण
प्रशासन ने पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी। साथ ही बिजली आपूर्ति भी तत्काल बंद करवाई गई। इसके बाद एसडीआरएफ के जवान नवीन कुमार और गावर कंपनी के प्रशिक्षित कर्मचारी जमशेद अहमद क्रेन की ट्रॉली के माध्यम से पायलट तक पहुंचे। जमशेद ने तमिलनाडु में इस तरह के रेस्क्यू ऑपरेशन का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उनकी तकनीकी दक्षता और एसडीआरएफ जवानों के प्रयासों से पायलट को सुरक्षित निकालने का रास्ता बना। इस दौरान क्रेन ऑपरेटर लवप्रीत ने भी सूझबूझ और सावधानी के साथ क्रेन का संचालन किया। सभी बचाव दलों के बेहतर तालमेल और समन्वित प्रयासों के बाद रूसी पायलट को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
एनएचएआई की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी रही तैनात
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एनएचएआई की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात रही। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एनएचएआई, गावर कंपनी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त एवं त्वरित एक्शन से विदेशी नागरिक की जान बचाने में सफलता मिली।