थाटा, पंजाई और थाची पीएचसी में उपचार के लिए भटक रहे मरीज
मरीजों को 50 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा, कई महीनों से पेश आ रहीं दिक्कतें
फार्मासिस्ट के सहारे चल रही व्यवस्था, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
दुनी चंद भारद्वाज
बालीचौकी (मंडी)। उपमंडल बालीचौकी के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की तैनाती न होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि थाटा, पंजाई और थाची के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से एक भी डॉक्टर नहीं है, जिसके कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए करीब 50 किलोमीटर दूर बालीचौकी या फिर कुल्लू व मंडी जाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थाटा में पिछले तीन महीनों से डॉक्टर का पद खाली पड़ा है। डॉक्टर न होने के कारण यह स्वास्थ्य संस्थान केवल एक फार्मासिस्ट के सहारे चल रहा है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार स्वास्थ्य विभाग को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी डॉक्टर की तैनाती नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की गई तो वे स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी जंजैहली डॉ. पुष्प राज ठाकुर ने बताया कि मामला उनके ध्यान में है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टर पीजी करने गए हैं, जिस कारण यह दिक्कत पेश आई है।
बॉक्स
पिछले तीन माह से पीएचसी थाटा में एक भी डॉक्टर नहीं है, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। -पीयुष ठाकुर
डॉक्टर न होने के कारण क्षेत्र के बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। -जीवन लाल
स्वास्थ्य सुविधा आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन इस मामले में विभाग और सरकार गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। -बिट्टू ठाकुर
थाची, पंजाई और थाटा में डॉक्टर न होने से लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी बालीचौकी या कुल्लू-मंडी जाना पड़ रहा है। -चमन राज