नेरचौक (मंडी)। कोराना मृतकों का दाह संस्कार सुकेती खड्ड में चिह्नित स्थान पर ही होगा। दाह संस्कार को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया है। एसडीएम कार्यालय बल्ह में यह बैठक हुई। इसमें कोरोना संक्रमित लोगों के निधन के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि प्रशासन द्वारा डडौर में सुकेती खड्ड में पहले से ही चिह्नित स्थान पर ही भविष्य में भी संक्रमण से निधन होने वाले लोगों का अंतिम संस्कार होगा।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज नेरचौक में मंगलवार को कोरोना संक्रमण से एक महिला की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार को लेकर डडौर क्षेत्र के पार्षद और कुछ अन्य लोगों ने विरोध जताया था। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसडीएम बल्ह आशीष शर्मा ने बताया कि डडौर वार्ड के इस स्थान को पक्के तौर पर चिह्नित कर दिया गया है। अब इस स्थान के चारों तरफ तार लगाई जाएगी। इसका सभी पार्षदों ने समर्थन किया है। बैठक में नगर परिषद के 15 पार्षदों में से 11 पार्षद मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एसडीएम बल्ह आशीष शर्मा, डीएसपी अमित पटियाल, थाना प्रभारी बल्ह मौजूद रहे।