धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र में रोगियों को अब आधुनिक रक्त और अन्य टेस्ट की सुविधाओं के लिए निजी क्लीनिकों के आसरे नहीं रहना पड़ेगा। धर्मपुर अस्पताल में रोगियों के लिए अत्याधुनिक रक्त जांच और अन्य टेस्टों की जांच की मशीनें लगाई जाएंगी। धर्मपुर सिविल अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। बैठक की अध्यक्षता रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष एसडीएम सुनील वर्मा ने की। इस दौरान अस्पताल में एसआरएल की आधुनिक लैब स्थापित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, सालाना करीब 25 लाख के बजट को अनुमोदित किया गया। वहीं, धर्मपुर अस्पताल में एंबुलेंस सेवा सुदृढ़ करने पर भी विचार किया गया। कुछ अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया गया।
ठंड में नहीं ठिठुरेंगे मरीज
अस्पताल में रोगी अब ठंड में नहीं ठिठुरेंगे। आरकेएस की बैठक में रोगियों के लिए बलोअर की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी है। जबकि, वार्डों में वेटिंग रूम में एलईडी की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
आउटसोर्स पर होगी सफाई
अस्पताल की साफ-सफाई पर भी विशेष चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अस्पताल में आउटसोर्स पर कर्मचारी रखे जाएंगे। बैठक मेें बीएमओ संधोल डॉ. अवनीश कुमार, सिविल अस्पताल धर्मपुर के प्रभारी डॉ. राजेंद्र शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष विनोद कुमार, जिला परिषद सदस्य संतोष कुमार सहित समस्त विभागों के अधिकारी और रोगी कल्याण समिति के सदस्य मौजूद रहे।