डैहर (मंडी)। समाजसेवी अभिषेक ठाकुर ने निहरी विकासखंड की दुर्गम ग्राम पंचायत किंदर और हाड़बोई का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर उनके समाधान की मांग उठाई। स्थानीय लोगों ने अभिषेक ठाकुर को बताया कि हाड़बोई-तातापानी सड़क लगभग छह माह से बंद पड़ी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभिषेक ठाकुर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सड़क की बहाली के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है लेकिन फिलहाल पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से आग्रह किया कि जनहित को देखते हुए सड़क की मरम्मत और बहाली के लिए शीघ्र आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाए और सड़क खोलने के निर्देश दिए जाएं। संवाद