मंडी। जिले की बल्हघाटी में अंतरराष्ट्रीय ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का जिन्न करीब तीन साल बाद बाहर निकलने से सरगर्मियां बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को लेकर फिर चर्चा होना शुरू हो गई है। इस एयरपोर्ट के समर्थकों ने बाकायदा कमेटी का गठन कर प्रदेश और केंद्र सरकार से इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए आवाज बुलंद कर दी है।
बल्हघाटी के कंसा खेल मैदान में हवाई अड्डा समर्थन कमेटी की बैठक मुख्य सलाहकार घनश्याम सेन की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निर्माण के लिए सामाजिक प्रभाव आकलन कमेटी का गठन होने से लोगों में खुशी की लहर है। इस कवायद को सिरे चढ़ाने के लिए जल्द समर्थन कमेटी का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलेगा।
कुम्मी निवासी बलवंत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से कवायद शुरू करने से क्षेत्र के लोगों को फिर हवाई अड्डे की उम्मीद जगी है। सरकार से यही आग्रह है कि हवाई अड्डे का जल्द निर्माण किया जाए। घाटी के स्यांह निवासी भवानी सिंह भी हवाई अड्डे के निर्माण के लिए सामाजिक प्रभाव आकलन कमेटी के गठन से उत्साहित हैं।
उनका कहना है कि क्षेत्र के जिन लोगों की जमीन इस हवाई अड्डे में जाएगी, उनमें से अस्सी प्रतिशत लोग हवाई अड्डे के समर्थन में हैं। सामरिक दृष्टि से भी यह हवाई अड्डा महत्वपूर्ण रहेगा। पर्यटन को भी पंख लगेंगे। यह क्षेत्र फोरलेन के साथ सटा है। आईआईटी, मेडिकल काॅलेज भी निकट हैं। मुख्यमंत्री से यही आग्रह है कि इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए।
0000