मंडी। छोटी काशी मंडी में इस साल पुलिस के सख्त पहरे के बीच होली पर्व उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सशर्त आयोजकों को मिली अनुमति के बाद यहां युवक-युवतियों के अलग-अलग केबिन बनाए गए। होली पर्व का सामूहिक आयोजन सेरी मंच पर सोमवार को हुआ। इसमें हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। मुस्तैद पुलिस ने बीच-बीच में हुड़दंगियों को सख्त हिदायत भी दी। वहीं, आयोजकों ने भी पुलिस की हिदायतों का सख्ती से पालन करवाने का प्रयास किया।
सेरी मंच पर आयोजकों ने लोगों लिए डीजे आदि का प्रबंध किया, जहां लोगों ने जमकर गुलाल भी उड़ाया और खूब नाचे। सुबह करीब 10:30 बजे से युवा सेरी मंच पर जुटना शुरू हुए और दोपहर डेढ़ बजे तक काफी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, डीसी अपूर्व देवगन और मंडी के एसपी विनोद कुमार सहित अन्य गण्यमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और सभी को होली की बधाई दी। इस भारी भरकम भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
क्यूआरटी की महिला-पुरुष टीम भीड़ के अंदर पूरी तत्परता से डटी रही। वहीं, दूसरी तरफ राज माधव राय मंदिर में भी भगवान श्री कृष्ण को रंग लगाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार को जिले के कुछ उपमंडलों में जिला प्रशासन ने होली पर्व को देखते हुए स्थानीय अवकाश घोषित किया था।
उधर, स्थानीय निवासी संतोष सचदेवा, डाॅ. दिनेश ठाकुर, कनव, दिनेश शर्मा, राज बिहारी कृष्ण दास और ऋषभ शर्मा ने बताया कि इस पर्व को लेकर उनमें खासा उत्साह रहता है। सेरी मंच पर सामूहिक आयोजन इस पर्व को और बेहतर बनाता है। वहीं, आयोजनकर्ता धर्मेंद्र राणा, मोनिका ठाकुर, दीप, कर्त्तव्य वैद्य ने बताया कि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इसमें सभी का सहयोग रहा।
सामूहिक आयोजन में डीसी और एसपी भी झूमे
सेरी मंच पर पहुंचे डीसी अपूर्व देवगन और एसपी विनोद कुमार भी सामूहिक आयोजन में शामिल हुए। दोनों कुछ देर के लिए यहां झूमे और लोगों का उत्साहवर्धन करने के साथ आयोजन में हुए प्रबंधों का भी जायजा लिया।
दो गांवों में नहीं मनाया होली पर्व
कोटली क्षेत्र की बेटी नीलम के साथ घटे जघन्य अपराध को मद्देनजर रखते हुए इस बार गांव भरगांव और चनालसा में होली का पर्व नहीं मनाया गया। सोमवार को दोनों ही गांवों में सन्नाटा रहा। उधर, स्थानीय शिव राम बनेर ने बताया कि नीलम कांड को देखते हुए कोई बड़ा आयोजन नहीं किया गया है।
कैन लगने से लड़की का सिर फूटा
मंडी में सेरी मंच पर होली के जश्न के बीच एक युवती का सिर फूट गया। हुड़दंगियों ने हवा में बीयर कैन फेंक दी। यह बीयर कैन एक युवती के सिर पर जा टकराई और सिर फूट गया। लहूलुहान युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
नाकाबंदी कर सिखाया कानून का सबक
होली पर्व के दौरान जश्न के बीच पुलिस ने शहर के प्रवेश द्वार पर नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई। इसके लिए दोपहिया वाहन पर ट्रिपल राइडिंग करने पर भी कार्रवाई की गई।
खूब हुई चश्मों की खरीदारी
होली पर्व के अवसर पर सोमवार को मंडी में युवाओं ने आंखों को रंगों से बचाने के लिए चश्मों की खूब खरीदारी की। चश्मा विक्रेता मंजीत सिंह ने बताया कि इस बार सौ रुपये से लेकर सात सौ रुपये तक के चश्मों की जमकर बिक्री हुई।