मांगों पर जल्द फैसला न होने से आंदोलन की चेतावनी
विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम ने संशोधित वेतनमान के एरियर का भुगतान न होने पर रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की सुंदरनगर इकाई ने सरकार से 15 अगस्त तक 15 फीसदी लंबित महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने की मांग की है। फोरम ने कहा कि संशोधित वेतनमान के तहत मिलने वाला एरियर भी लंबे समय से लंबित है। मांगों पर जल्द फैसला नहीं होने पर पेंशनर्स ने आश्रित परिवारों के साथ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
सुकेत सिनेमा परिसर में इकाई अध्यक्ष केएस जम्वाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशन धारकों ने भाग लिया। बैठक में एक जनवरी 2016 से एक अप्रैल 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों और अधिकारियों के संशोधित वेतनमान के एरियर का भुगतान नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
अध्यक्ष केएस जम्वाल, महासचिव सोहन सिंह चौहान और प्रदेश उपमहासचिव जगमेल ठाकुर ने कहा कि एरियर के इंतजार में कई पेंशनर्स की मृत्यु हो चुकी है। उनके परिवारों को भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फोरम ने कहा कि सरकार और विद्युत परिषद प्रबंधन के समक्ष कई बार मांग रखने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
पेंशनर्स ने मुख्यमंत्री से लंबित डीए को 15 अगस्त तक जारी करने और विद्युत बोर्ड के चेयरमैन से प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर अन्य मांगों का समाधान करने का आग्रह किया। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो फोरम आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।