हिम आंचल पेंशनर संघ ने की बैठक, बकाया भुगतान भी मांगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। पूर्ण राज्यत्व दिवस 25 जनवरी के अवसर पर जिले के पेंशनरों को सभी बकाया के भुगतान की घोषणा होने की उम्मीद है। नेरचौक में मंगलवार को हिम आंचल पेंशनर संघ ने बैठक का आयोजन किया। प्रदेशाध्यक्ष योगराज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेंशनरों ने सरकार से जल्द जेसीसी (ज्वाइंट कंसल्टेटिव कमेटी) का गठन करने की मांग की है ताकि पेंशनरों की मांगों का समाधान हो सके। अगर जेसीसी का गठन और पेंशनर की मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो संघ कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बैठक में प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई और कहा कि जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान, जनवरी 2016 से फरवरी 2022 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को पेंशन संशोधन पर मिलने वाली ग्रेच्युटी लीव इनकेशमेंट, कम्यूटेशन राशि और महंगाई भत्ते की दो किस्तों का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इसके अलावा चिकित्सा भत्ते में वर्षों से वृद्धि न होने से पेंशनरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में चिकित्सा बिलों के भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन बजट की कमी के कारण चिकित्सा बिलों का भुगतान आज तक नहीं हुआ है। प्रदेश के विभिन्न कार्यालयों में चिकित्सा बिल लंबित पड़े हुए हैं। यह पेंशनरों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार को तीन महंगाई भत्तों की घोषणा भी करनी शेष है। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन की घोषणा कर चुकी है। बैठक में हिम आंचल पेंशनर संघ के संस्थापक बीडी शर्मा, प्रदेश महासचिव हरनाम सिंह ठाकुर, मुख्य संरक्षक रमेश भारद्वाज, वित्त सचिव ओम राज कंवर, केसी गौतम उपस्थित रहे। संवाद