अन्य कोड का परिणाम और सभी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द हो शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। शिमला में जेओए आईटी अभ्यर्थियों की ओर से 9 फरवरी से अपनी मांगों के लिए शुरू किए धरने का माकपा नेता भूपेंद्र सिंह ने समर्थन किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से जल्द इस कोड और अन्य कोड के रोके परिणाम घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार को बने हुए 14 महीने हो गए हैं और पूर्व हुई परीक्षाओं के परिणाम को लंबे समय तक रोकना युवा विरोधी और गैर कानूनी है।
भूपेंद्र ने कहा कि उच्च और उच्चतम न्यायालय ने भी समर्थन में फैसले दिए हैं। बावजूद इसके प्रदेश सरकार इन्हें नियुक्तियां नहीं दे रही है। कहा कि बहुत से युवाओं की उम्र भी 45 वर्ष होने वाली है और चार साल से रोके हुए परिणाम से वे ओवर एज हो जाएंगे। इसीलिए सरकार को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। जिन युवाओं ने पिछले तीन वर्षों में अन्य कोडों के टेस्ट भी पास किए हैं, उनके परिणाम भी घोषित नहीं किए जा रहे और नौकरी नहीं मिल रही है। सभी के परिणाम भी जल्द घोषित किया जाएं। कहा कि पिछले एक सप्ताह से जेओए आईटी 817 परीक्षा देने वाले युवा और युवतियां शिमला सचिवालय के बाहर अनशन कर रहे हैं, लेकिन सुक्खू सरकार उनकी मांग को पूरा करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। हालांकि बीते दिनों मुख्यमंत्री ने मीडिया में बयान दिया है कि वे पारदर्शी तरीके से हिमाचल चयन बोर्ड में भर्तियां करेंगे, लेकिन ये भर्तियां कब और कैसे होंगी। इस बारे में कोई समय सीमा नहीं बताई है। ऐसी बातें वे कई महीनों से कर रहे हैं। कहा कि वर्तमान सरकार ने 29 फरवरी तक विधानसभा का सत्र बुलाया है। इसके बाद मार्च से मई माह तक लोकसभा चुनाव और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जोकि मई माह के अंत तक चलेगी। इसीलिए यह परिणाम इसी माह जारी होना चाहिए।