सराज विस क्षेत्र की रोड पंचायत में प्रभावितों का दुख दर्द साझा करते पूर्व सीएम जयराम
थुनाग (मंडी)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण सराज घाटी में काफी नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। सराज क्षेत्र में गांव को जोड़ने वाली संपर्क सड़कों को अभी तक बड़ी गाड़ियों के लिए बहाल नहीं किया जा सका है। इससे बस सेवाएं भी शुरू नहीं हो सकी है। इस कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शुक्रवार को सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रोड में पहुंचे और यहां पर उन्होंने प्रभावित परिवारों का दुख दर्द जाना। इस अवसर पर उन्होंने रोड पंचायत में विभिन्न गांवों के प्रभावित 15 परिवारों को दो-दो कंबल और खाद्य सामग्री भी बांटी।
उन्होंने आपदा प्रभावितों से बातचीत करते हुए कहा कि वह प्रभावितों का दर्द महसूस कर सकते हैं, इसलिए वह उनके साथ दीवार की तरह खड़े हैं। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात की और पंडोह से कल्हणी, जंजैहली से छतरी आदि क्षेत्रों के लिए छोटी बसें जल्द शुरू करने के लिए कहा।
सराज विस क्षेत्र की रोड पंचायत में प्रभावितों का दुख दर्द साझा करते पूर्व सीएम जयराम