जोगिंद्रनगर में लघु शिवरात्रि मेला में खेल प्रतियोगिताओं का उत्साह चरम पर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंद्रनगर के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखने लायक है। शुक्रवार को महिला वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंद्रनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं हराबाग स्कूल की टीम ने सराहनीय खेल दिखाते हुए उपविजेता स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन एकल वर्ग में कल्पना ठाकुर ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कनिका ने उपविजेता रहकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई। प्रतियोगिताओं में भागीदारी भी उत्साहजनक रही। खेलकूद प्रतियोगिता के कॉ ऑर्डिनेटर मनोज चौहान, खेल प्रशिक्षक मनोहर व उमेश ने बताया कि राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि देवता मेले में आयोजित महिला कबड्डी में कुल 4 टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि बैडमिंटन में 8 प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि पांच दिवसीय मेले में आयोजित ये प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही हैं, बल्कि युवाओं में खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा दे रही हैं।