नंगल में आयोजित अंतर-विद्यालयी सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान की लोक संस्कृतियों की दिखी झलक
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल मॉडल स्कूल सुंदरनगर ने फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। परियोजना की पाठशालाओं के बीच अंतर-विद्यालयी सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन बीबीएमबी डीएवी पब्लिक स्कूल नंगल में किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान की लोक संस्कृतियों की झलक रहा। इस अवसर पर बीबीएमबी की विभिन्न पाठशालाओं के विद्यार्थियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह प्रतियोगिता कनिष्ठ और वरिष्ठ दो वर्गों में आयोजित की गई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक आदर्श विद्यालय बीएसएल परियोजना सुंदरनगर की छात्राओं ने दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में मॉडल स्कूल सुंदरनगर ने ऊर्जावान और सटीक हिमाचली नाटी की प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि वरिष्ठ वर्ग में हरियाणवी नृत्य के माध्यम से हरियाणा की जीवंत संस्कृति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता से लौटने पर विजेता छात्राओं का स्कूल प्रशासन की ओर से सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. एमआर गौतम ने बताया कि विजेता छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का विद्यालय परिसर में सुबह की सभा के दौरान भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में शिक्षिका ज्योति रानी, लेखा धीमान, सुमन कुमारी, विद्या देवी, वंदना कुमारी, अंतिमा, शीतल कुमारी, सुरेंद्र सिंह, कमल देव, विवेक शर्मा एवं डी. घोष को छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने और प्रशिक्षण देने के लिए सम्मानित किया गया।