मंडी। गोहर के एक निजी स्कूल में कुछ छात्राएं इन दिनों अजीबो-गरीब व्यवहार कर रही हैं। पिछले पांच दिन से यह क्रम जारी है। स्थानीय मान्यताओं में इसे खेल आना अथवा माता की चौकी के रूप में जाना जाता है। कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही छात्राएं बेसुध सी होकर सामान्य से कुछ हटकर अजीब-सा व्यवहार कर रही हैं।
बुधवार को विद्यार्थियों के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन से इस बारे में बात की है। इसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंच गया है। गोहर के एसडीएम लक्ष्मण चंद कनेट ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे और समस्या का हल करवाया जाएगा। उधर, निजी स्कूल के प्रधानाचार्य का कहना है कि इस मामले में हर संभव उपाय किए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि गोहर में संचालित इस स्कूल के बच्चे पिछले सप्ताह पिकनिक मनाने मनाली गए थे। वहां पर एक छात्रा अजीबो गरीब हरकतें करने लगी थीं। इसके बाद स्कूल की अन्य छात्राओं को भी सामूहिक रूप से बेसुध होकर झूमते देखा जा रहा है। बता दें कि कुछ साल पहले आईटीआई करसोग में भी छात्राओं का अजीबो गरीब व्यवहार का मामला चर्चा में रहा था। संवाद