मंडी के वल्लभ कॉलेज हॉस्टल में छात्रा के फंदा लगाने पर बिलखती साथी छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। वल्लभ कॉलेज मंडी के गर्ल्स हॉस्टल में बीएससी तृतीय सत्र की छात्रा प्रीति के फंदा लगाने की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हर आंख नम थी। रोती बिलखती कॉलेज हॉस्टल मंडी की छात्राओं के आंसू रोके नहीं रुक रहे थे। शिक्षकों के लाख दिलासे देने पर भी छात्राओं की सिसकियां हर किसी के मन को झकझोर रही थीं। छात्रा के सुसाइड की खबर कॉलेज में चंद मिनटों में फैल गई।
घटना के बाद कॉलेज में कक्षाएं स्थगित कर दी गईं। विद्यार्थी कॉलेज परिसर में समूहों में चर्चा करते नजर आए। लंच के वक्त कॉलेज हॉस्टल की कैंटीन में छात्राएं डेढ़ बजे के बाद एकत्र हुई। लेकिन, रूंदे गलों से एक भी निवाला नहीं उतरा। कॉलेज वार्डन ने छात्राओं को समझा बुझा कर खाना खिलाने का प्रयास किया। बिलखती छात्राओं को देखकर वार्डन भी फूट-फूट कर रो पड़ी। मंडी कॉलेज में शायद ही इससे पहले इस तरह का कोई मामला सामने आया हो। सुसाइड के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। बीएससी तृतीय सत्र की छात्रा प्रीति सरकाघाट उपमंडल की पटड़ीघाट पंचायत से संबंध रखती थी। प्रीति गत दिन ही घर से हॉस्टल लौटी थी। वहीं, उसकी साथी छात्राओं का कहना है कि सुबह ही प्रीति ने कॉलेज जाने से मना कर दिया। प्रीति ने सुसाइड करने से पहले अपने दोस्तों को मैसेज और पापा को कॉल भी की थी। हालांकि, अभी तक छात्रा के सुसाइड करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि, छात्र संगठन इस घटना को विश्वविद्यालय द्वारा हाल ही घोषित किए गए खराब परीक्षा परिणाम से भी जोड़ कर देख रहे हैं।
कहीं अंतिम सांसें तो कहीं चल रही थी क्लासें
जहां एक ओर वल्लभ कॉलेज में रूटीन की भांति कक्षाएं चल रही थी। वहीं, कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में प्रीति ने सुसाइड का कदम उठा कर सबको झकझोर कर रख दिया। घटना की खबर चंद लम्हों में कॉलेज में आग की तरह फैल गई। घटना के बाद से कॉलेेज विद्यार्थियों का गर्ल्स हॉस्टल के बाहर जमावड़ा लग गया।
छात्र संगठनों ने सुसाइड की गहन जांच की मांग उठाई
मंडी। एनएसयूआई जिला प्रधान हमित जम्वाल, कैंपस अध्यक्ष अंकित ने वल्लभ कॉलेज मंडी हॉस्टल में छात्रा द्वारा फंदा लगा कर आत्महत्या करने के मामले की एसपी मंडी से गहन जांच की मांग उठाई है। वहीं, एसएफआई के जिला सचिव चेतन ठाकुर ने भी पुलिस प्रशासन से मामले की सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने की मांग उठाई है। छात्र संगठन छात्रा के सुसाइड को हाल में विश्वविद्यालय द्वारा घोषित किए गए खराब परीक्षा परिणाम से जोड़ कर देख रहे हैं।