गोहर (मंडी)। पुलिस थाना जंजैहली के तहत आने वाले एक गांव की युवती ने पुलिस विभाग में तैनात एक आरक्षी पर उसके साथ दुराचार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी करसोग ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना के तहत आने वाले एक गांव की युवती ने जंजैहली पुलिस थाना में दर्ज करवाई शिकायत दर्ज में कहा है कि पुलिस विभाग में कार्यरत थुनाग क्षेत्र से संबंध रखने वाले आरक्षी के साथ पिछले पांच सालों से जान-पहचान है। युवती का आरोप है कि पुलिस आरक्षी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है।
युवती ने आरोप लगाया है कि जब शादी की बात आई तो उसने युवती को छोड़ दिया। युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। डीएसपी करसोग तिरुमल राजू साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।