दीपक-नवल मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज
करण के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन पर मिला मैन ऑफ द मैच का खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। उपमंडल में दीपक और नवल मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष भुवनेश ठाकुर ने किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला घोगा-11 और स्टार-11 के बीच खेला गया। इसमें घोगा-11 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टार-11 को 15 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
शुभारंभ अवसर पर आयोजक समिति ने मुख्य अतिथि भुवनेश ठाकुर का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। आयोजकों की ओर से उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए घोगा-11 ने चार विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाए। विक्की ठाकुर ने 24 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 39 रन बनाए, जबकि भूपेंद्र पाल ने 14 गेंदों में 23 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार-11 की टीम सात विकेट खोकर 80 रन ही बना सकी। अमित ठाकुर ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए।
घोगा-11 की ओर से करण ने दो ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि विक्की ठाकुर ने दो विकेट चटकाए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए करण को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता नॉकआउट आधार पर आयोजित की जा रही है।