दोनों चरणों में उपस्थिति अनिवार्य, गैरहाजिर अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी होगी रद्द
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू), मंडी के प्रबंधन अध्ययन विभाग ने एमबीए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रवेश प्रक्रिया के तहत 24 जुलाई को ग्रुप डिस्कशन (जीडी) और 25 जुलाई को पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) आयोजित किए जाएंगे। दोनों दिन अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे मांडव कॉम्प्लेक्स (बस अड्डे के ऊपर) में रिपोर्ट करना होगा।
एमबीए में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। वर्ष 2026 में स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, उनका प्रवेश परिणाम घोषित होने और निर्धारित पात्रता पूरी करने की शर्त पर ही मान्य होगा।
सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए एक जुलाई 2026 तक पुरुष अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 26 वर्ष, महिला अभ्यर्थियों की 28 वर्ष तथा एससी-एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों की 29 वर्ष निर्धारित की गई है। गैर-सब्सिडाइज्ड सीटों, सेवारत एवं सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों तथा राज्य एवं केंद्र सरकार के नामांकित अभ्यर्थियों पर आयु सीमा लागू नहीं होगी। प्रथम वर्ष की फीस सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश लेने वाले पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 10,100 रुपये और महिला अभ्यर्थियों के लिए 7,450 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, गैर-सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए प्रथम वर्ष की फीस 70,100 रुपये होगी।
बॉक्स
जीडी और पीआई में शामिल होना अनिवार्य
एमबीए में प्रवेश के लिए ग्रुप डिस्कशन (जीडी) और पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) दोनों में शामिल होना अनिवार्य है। किसी भी चरण में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी स्वतः निरस्त कर दी जाएगी। -ललित अवस्थी, कुलपति, एसपीयू