उपमंडल के निर्धारित गैस रूटों पर मांगानुसार आपूर्ति न होने पर फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं और गैस एजेंसी संचालकों के बीच गहराया विवाद मंगलवार को आक्रामक हो गया। घरेलू गैस सिलिंडर के लिए लगातार भटक रहे गैस उपभोक्ताओं ने एजेंसी में पहुंचकर हंगामा भी कर दिया। वहीं, गैस सिलिंडर की गाड़ी भी घेर कर रोष जताया।
मौके पर मौजूद गैस उपभोक्ताओं का आरोप था कि उन्हें पूर्व में निर्धारित स्थानों और रूटों पर गैस की आपूर्ति न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उपभोक्ता खाली गैस सिलिंडर लेकर दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन कुछ एजेंसी संचालक अपनी मनमानी पर उतर आए हैं और निर्धारित गैस रूटों की बजाए सिलिंडर की गाड़ी को मनमर्जी से भेज रहे हैं।
इधर, जोगिंद्रनगर शहर की इंडेन गैस एजेंसी की बात करें तो निर्धारित रूटों पर ही गैस की गाड़ी भेजी जा रही है। बावजूद इसके निर्बाध आपूर्ति के दावे हवा साबित होने पर उपभोक्ता बिफर पड़े। मंगलवार को जोगिंद्रनगर शहर के लक्ष्मी बाजार में पहुंची गैस की गाड़ी से आपूर्ति न होने पर उपभोक्ताओं ने जब गैस की गाड़ी सरकाघाट सड़क पर केंद्रीय अनाज भंडारण स्टोर में पहुंची तो उपभोक्ताओं ने इसे घेर लिया।
उपभोक्ता दीपक, प्यार चंद, अनुपमा व विजय ने बताया कि बीते कई दिनों से उन्हें निर्धारित गैस रूट पर गाड़ी भिजवाने का आश्वासन मिल रहा है, लेकिन आपूर्ति न होने से वह खाली गैस सिलिंडर लेकर भटक रहे हैं। शहर में इंडेन गैस एजेंसी के प्रभारी राकेश ने बताया कि बीते 20 दिनों में 20 से अधिक गैस की गाड़ियां निर्धारित रूटों पर भेजी जा चुकी है। उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति करने के लिए वह देर रात तक भी सेवाएं दे रहे हैं।
बॉक्स
जोगिंद्रनगर उपमंडल में घरेलू गैस की किल्लत नहीं है। कुछ उपभोक्ताओं द्वारा अतिरिक्त भंडारण करने के चलते पात्र उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर हासिल करने के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। अनावश्यक भंडारण पर कार्रवाई का भी विशेष अभियान शुरू कर दिया है। -केसी पूरी, निरीक्षक, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग।