धर्मपुर (मंडी)। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिद्धपुर में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित सामान्य बागवानी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में संयुक्त निदेशक बागवानी विद्या प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित किया और बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 33 बागवान शामिल हुए, जिनमें 20 हमीरपुर और 13 मंडी जिले से थे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य बागवानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, उन्नत खेती, प्रसंस्करण और जलवायु अनुकूल खेती की नवीनतम विधियों से अवगत करवाना था। प्रशिक्षण के दौरान अनार, सिट्रस फल, ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, ब्लूबेरी और मैकाडामिया नट जैसी वाणिज्यिक फसलों की उन्नत खेती पद्धतियों की जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, फल संरक्षण, प्रसंस्करण तकनीक, क्लाइमेट स्मार्ट हॉर्टिकल्चर तथा पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट पर भी तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर विभाग से उपनिदेशक राजेश चौधरी, विषयवाद विशेषज्ञ धर्मपुर अनिल ठाकुर, विषयवाद विशेषज्ञ मंडी उषा, बागवानी विकास अधिकारी हमीरपुर ज्योति, बागवानी विस्तार अधिकारी हमीरपुर कीर्ति व विभिन्न किसान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संवाद