सियाचिन में कई महीनों तक माइनस तापमान और बर्फीले तूफानों के बीच निभाई ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुराडी निवासी भारतीय सेना की 8 ग्रेनेडियर्स यूनिट के जवान गंगा राम ने सियाचिन ग्लेशियर की विषम परिस्थितियों में ड्यूटी निभाकर देश सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। कई महीनों तक सियाचिन की बर्फीली चोटियों पर तैनात रहे गंगा राम को उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने सम्मानित किया।
सियाचिन ग्लेशियर में अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन और बर्फीले तूफानों के बीच जवानों को लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद गंगा राम ने अपनी टुकड़ी के साथ पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाई। बताया गया कि उन्होंने टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए अपने साथियों को सुरक्षित बेस कैंप तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मान समारोह के दौरान गंगा राम के देश के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। उनके सम्मानित होने से सुराडी गांव सहित पूरे कोटली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने गंगा राम की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।