पंडोह के पास पकड़ी हुई गाड़ी व आरोपी पुलिस टीम के साथ। संवाद
पंडोह (मंडी)। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगवाईं क्षेत्र में यूपी नंबर की थार गाड़ी में सवार युवकों ने पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए भाग गए।
पेट्रोल पंप संचालक ने तुरंत इसकी सूचना औट पुलिस को दी, लेकिन तब तक आरोपी मंडी की ओर निकल चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलर्ट जारी किया और पंडोह कैंची मोड़ पर नाकाबंदी की गई। जैसे ही थार गाड़ी नाके के पास पहुंच ताे पुलिस को देखकर चालक ने अचानक वाहन को कैंची मोड़ से पीछे की ओर डंपिंग साइड की तरफ मोड़ दिया।
इसी दौरान पुलिस हेड कांस्टेबल चेत राम की गाड़ी पर नजर पड़ते ही वाहन में सवार चारों युवक उतरकर अलग-अलग दिशाओं में भाग खड़े हुए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को मौके से दबोच लिया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक की पहचान तेजस मलिक के रूप में हुई है।
भाग गए आरोपियों के नाम ताल्हा, आमिर और किट्टू बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले हैं। मामले में गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है और भागे आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। संवाद