नगर निगम की टीम चौहटा बाजार मैं अनाधिकृत रूप से सामान लगाने पर कार्यवाही करते हुए संवाद
मंडी। मंडी शहर के माल रोड कहे जाने वाले चौहटा बाजार में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण करने पर फल विक्रेताओं का सामान जब्त कर लिया। यहां फल विक्रेताओं ने अनाधिकृत ढंग से अपनी दुकान का सामान दुकान से आगे तक सजा रखा था। स्थानीय लोगों की ओर से निगम अधिकारियों को इस बारे बार-बार शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की जा रही थी। इस सख्त कार्रवाई अमल पर लाई गई है।
टीम ने सामान जब्त कर निगम कार्यालय में रख दिया और फल विक्रेताओं को आयुक्त कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए हैं। मंडी शहर के चौहटा में पहले भी निगम की टीम ने कार्रवाई कर दो फल विक्रेताओं के चालान किए थे। बावजूद इसके अतिक्रमण से बाज नहीं आ रहे थे। इस पर अब निगम की टीम ने सामान जब्त किया।
उधर, नगर निगम के सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया ने बताया कि चौहट्टा बाजार में फल विक्रेताओं द्वारा अपना सामान दुकानों के बाहर तक सजाया जा रहा था। पूर्व में भी इन दुकानदारों को सामान पीछे रखने बारे निर्देश दिए गए थे। यदि फल विक्रेता निगम आयुक्त कार्यालय में नहीं आते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे जाएंगे।