मंडी के पड्डल मैदान में पुलिस विभाग की ओर आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस क्रिकेट टूर्नामेंट के फा
मंडी। पड्डल मैदान में पुलिस विभाग की ओर से करवाई गई एंटी चिट्टा अवेयरनेस क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को समापन हो गया। समापन समारोह में एसपी विनोद कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें फ्रेंड्स एकादश और स्पेशल कॉप्स मंडी की टीम आमने-सामने थी। फ्रेंड्स एकादश ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए स्पेशल कॉप्स मंडी को 43 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। 15-15 ओवर के इस मुकाबले में फ्रेंड्स एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए। शुभम सोनी ने 31 गेंदों में 45 रनों की तेज पारी खेली। इनके अलावा राहुल सेन ने 17 गेंदों पर 20 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पेशल कॉप्स मंडी की टीम 15 ओवर में 7 विकेट खोकर केवल 97 रन ही बना सकी। टीम की ओर से निशांत ने 28 गेंदों में 31 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में असफल रहे। फ्रेंड्स एकादश की गेंदबाजी इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रही। राहुल सेन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 18 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। जतिन राजपूत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। इन दोनों गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में दबाव बनाकर मैच को पूरी तरह फ्रेंड्स एकादश की ओर मोड़ दिया। स्पेशल कॉप्स मंडी की ओर से सुरेंद्र शर्मा ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए।। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए राहुल सेन को प्लेयर ऑफ दी मैच चुना गया। इस जीत के साथ फ्रेंड्स एकादश ने एंटी चिट्टा अवेयरनेस क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम 21 हजार जबकि उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।